INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश : फर्रुखाबाद जिले के हाथीपुर में आगामी 22 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा आयोजित किसान मजदूर महापंचायत को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में पदाधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों से व्यापक संपर्क अभियान चला रहे हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि यह महापंचायत खेती और किसानों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य सहित कई पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
जिले में किसानों की आवाज को बुलंद करने और उनके हक-अधिकार की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन टिकैत आगामी 22 सितंबर को हाथीपुर में एक विशाल किसान मजदूर महापंचायत आयोजित करने जा रही है। इस महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
महापंचायत की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों ने अदिउली, बाबरपुर, न्यामतपुर, सरैया, रेहा, कर्णपुर, जिनैया, साथैया, रानीगढ़ कोल्ड, समाई नगला, महलई, जिजुईया, बरौन और हाथीपुर मैन बाजार में किसानों से संवाद किया।
जनसंपर्क के दौरान पदाधिकारियों ने किसानों से आह्वान किया कि वे इस महापंचायत में बढ़-चढ़कर शामिल हों। अजय कटियार ने कहा –
“अपनी असल और नसल को बचाना जरूरी है। असल का मतलब है खेती और नसल का मतलब है किसानों के बच्चे और उनका भविष्य। यदि खेती सुरक्षित रहेगी तो आने वाली पीढ़ियां भी सुरक्षित रहेंगी।”
उन्होंने विश्वास जताया कि जब राकेश टिकैत किसानों के बीच आएंगे तो यह महापंचायत ऐतिहासिक साबित होगी। भारतीय किसान यूनियन ने हमेशा किसानों की जमीन और अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष किया है और सफलताएं भी हासिल की हैं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने भी किसानों को संबोधित किया और महापंचायत की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब किसानों को एकजुट होकर अपनी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
सभा में मौजूद प्रमुख पदाधिकारियों में जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, सुबोध यादव, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला कोषाध्यक्ष विमलेश शाक्य, जिला सचिव संजय यादव बिजनेश, सुग्रीव पाल, जिला संगठन मंत्री संजीव यादव, अरविंद गंगवार, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, जिला सह सचिव दिनेश सिंह गौर, बरजोर सिंह राजपूत, शिवराम शाक्य, पवन जोशी, रजत गंगवार और अजीत सोमवंशी सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि यह महापंचायत फर्रुखाबाद के किसानों की आवाज को नई दिशा देगी और राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों की लड़ाई और मजबूती से लड़ी जाएगी।
नीचे दी गई ताजा खबरें भी पढ़ें :-