INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश : अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उ.प्र.) द्वारा 7 मार्च 2026 को जनपद फर्रुखाबाद के धम्मलोक बुद्ध विहार, संकिसा में “अंतरराष्ट्रीय धम्म सम्मेलन एवं विश्व शांति हेतु बुद्धिस्ट चैंटिंग” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से शुरू होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य तुषित स्वर्ग से अवतरित बुद्ध विषय पर धम्म के पुनर्जागरण और विश्व शांति के संदेश को प्रसारित करना है। इस अवसर पर देश-विदेश से बौद्ध भिक्षु, विद्वान और श्रद्धालु शामिल होंगे तथा बुद्धिस्ट चैंटिंग के माध्यम से विश्व शांति की कामना की जाएगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हृदयगोविंद बौद्ध करेंगे।
इस धम्म सम्मेलन में भदंत डॉ. के. सी. सुमेधथेरो, भदंत धम्मानंद विवेकानंद, भदंत वर समाथी, भदंत अमिताभ, भिक्षु आर्यबोधि, भिक्षु देवआनंद वर्धन, भिक्षु शीलरत्न सहित अन्य बौद्ध भिक्षु एवं धम्म अनुयायी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से बुद्ध के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में शांति, करुणा एवं अहिंसा के मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है।
इस कार्यक्रम के आयोजन में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश सिंह, संस्कृति विभाग के निदेशक विशाल सिंह (आईएएस), विशेष सचिव संजय कुमार सिंह (आईएएस) तथा प्रमुख सचिव अमृत अभिजात (आईएएस) की महत्वपूर्ण भूमिका है।