INDC Network : भिवंडी, महाराष्ट्र : ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो लाइन 5 के निर्माण स्थल पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मेट्रो पुल से एक 7-8 फीट लंबा और 20 मिमी मोटा लोहे का सरिया सीधे सड़क पर चलती ऑटोरिक्शा पर आ गिरा। सरिया ऑटो को भेदते हुए यात्री के सिर में घुस गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय सोनू अली के रूप में हुई है, जो भिवंडी के विठ्ठल नगर का निवासी है। दुर्घटना के समय वह ऑटोरिक्शा से सफर कर रहा था। घायल हालत में उसे तुरंत निजी नोबेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने मेट्रो साइट पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
घटना के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने कार्रवाई करते हुए दो ठेकेदार कंपनियों पर कुल ₹55 लाख का जुर्माना लगाया। इसमें ₹50 लाख का जुर्माना सिविल कांट्रैक्टर अफकॉन पर और ₹5 लाख का जुर्माना जनरल कंसल्टेंट सिस्ट्रा-सीईजी-सिस्ट्रा (इंडिया) पर पर्यवेक्षण में लापरवाही को लेकर लगाया गया।
बताया गया कि यह सरिया दो महीने पहले एक अस्थायी सपोर्ट स्ट्रक्चर के रूप में लगाया गया था, जो अचानक गिर पड़ा। इस हादसे के बाद MMRDA ने घटना की स्वतंत्र जांच का आदेश दिया है। जांच की जिम्मेदारी AICA के चीफ सेफ्टी मैनेजर और मेट्रो लाइन 2B के जनरल कंसल्टेंट को सौंपी गई है।
Afcons और Systra की सुरक्षा टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और पीड़ित की मदद के लिए MMRDA ने निर्देश दिया कि पीड़ित का पूरा इलाज ठेकेदार कंपनी ही वहन करेगी। MMRDA ने कहा, “हम इस घटना पर गहरा खेद व्यक्त करते हैं। सार्वजनिक सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हमने दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ प्रणालीगत खामियों की भी जांच शुरू कर दी है।”