INDC Network : नई दिल्ली : देशभर में मानसून ने अपने प्रचंड रूप से कई राज्यों में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के लिए बारिश और आपदा से संबंधित चेतावनी जारी की है। वहीं, कई इलाकों में भारी वर्षा के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
दिल्ली और उत्तर भारत में मूसलधार बारिश
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज दिनभर मूसलधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में पहले ही बारिश से सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन चुकी है।
बिहार में बाढ़ जैसे हालात, कई नदियां खतरे के निशान पर
बिहार और झारखंड में लगातार हो रही वर्षा से स्थिति और गंभीर होती जा रही है। गया, बोधगया, और नालंदा जैसे इलाकों में फल्गु, मुहाने और निरंजना नदियां उफान पर हैं। गया जिले में बाढ़ के कारण चार लोगों की डूबने से मौत हो गई है, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, बाढ़ से कई तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है और कई ग्रामीण सड़कों पर पानी भर गया है।
यह भी पढ़ें : कानपुर में बेटे की हैवानियत: मां से किया दुष्कर्म, पहले भी हत्या में जा चुका है जेल
झारखंड और रेलवे पर असर
झारखंड के उदेरास्थान से एक लाख 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नालंदा जिले में बाढ़ की आशंका और भी बढ़ गई है। मगध मेडिकल कॉलेज, गया की ओपीडी और नेत्र विभाग में बारिश का पानी घुस गया है। गया-धनबाद रेलखंड पर भी मिट्टी और पत्थर खिसकने से परिचालन चार घंटे तक बंद रहा।
वज्रपात से 15 मौतें, 9 घायल
बिहार के छह जिलों में बुधवार को वज्रपात की घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य झुलस गए हैं। इनमें 11 मौतें खेतों में काम कर रहे लोगों की हैं। सबसे ज्यादा 5 मौतें नालंदा जिले में हुई हैं।
हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन और हाईवे बंद
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा एनएच पर भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे कई वाहन रातभर फंसे रहे।
उत्तराखंड में गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में कार्य के चलते 15 दिन तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक मार्ग बंद रहेगा।
यह भी पढ़ें : कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ में 16 से 24 जुलाई तक स्कूल बंद, शिक्षा नहीं धर्म प्राथमिकता
जम्मू-कश्मीर में 23 जुलाई तक चेतावनी
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 17 से 23 जुलाई तक भारी वर्षा के कारण बाढ़, भूस्खलन और पत्थर गिरने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों को पहाड़ी इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा से परहेज करने को कहा है।