Breaking News !

Farrukhabad

सैनिक के क्रेडिट कार्ड से ठगी, AXIS Bank चेयरमैन व अभिनेत्री दीपिका पादुकोण समेत तीन पर केस

INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश: एक सैनिक के क्रेडिट कार्ड से हुई 58,378 रुपये की कथित ठगी के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने Axis Bank के चेयरमैन, बैंक की ब्रांड एंबेसडर Deepika Padukone और शाखा प्रबंधक के खिलाफ परिवाद दर्ज करते हुए नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को तय की गई है।

क्या है पूरा मामला

फतेहगढ़ के बेवर रोड मस्जिद वाली गली निवासी सैनिक फैयाज अहमद खान, जो भारतीय सेना में तैनात हैं और वर्तमान में प्रयागराज में कार्यरत हैं, ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने एक्सिस बैंक से 1.60 लाख रुपये लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड जारी कराया था।

3 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। सत्यापन के नाम पर प्रक्रिया के दौरान उनके मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें खाते से 58,396 रुपये भुगतान की जानकारी दिखाई दी। शंका होने पर सैनिक ने तुरंत कॉल काट दी और ग्राहक सेवा केंद्र पर संपर्क कर कार्ड व खाते को सीज करा दिया।

स्टेटमेंट में सामने आई कटौती

कुछ समय बाद जब उन्होंने नया क्रेडिट कार्ड जारी कराया और स्टेटमेंट निकाला, तो पाया कि खाते से 58,378 रुपये काट लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने बैंक चेयरमैन, ब्रांड एंबेसडर और स्थानीय शाखा प्रबंधक को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और रकम भी वापस नहीं की गई।

अदालत का आदेश

मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट घनश्याम शुक्ला ने परिवाद दर्ज करते हुए तीनों विपक्षियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। वादी पक्ष के अधिवक्ता अंकुश वर्मा ने बताया कि न्यायालय ने मामले को गंभीर मानते हुए सुनवाई के लिए 24 अप्रैल की तारीख तय की है।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 43

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *