कबीर एक्सीलेंस फाउंडेशन द्वारा उत्तर प्रदेश में संचालित कुल 143 लैबों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में से 15 विद्यार्थियों ने मैथ्स ओलंपियाड में सफलता प्राप्त की है। इनमें से चार विद्यार्थी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में संचालित कंप्यूटर लैब से हैं। विशेष बात यह रही कि इन चार सफल विद्यार्थियों में एक विद्यार्थी ने टॉपर के रूप में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर फाउंडेशन द्वारा मैथ्स ओलंपियाड में सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय में संचालित रामानंद लैब से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में सफल हुए 10 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय की प्रबंधिका शिखा अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रीता दुबे ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर रामानंद लैब के कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार मिश्रा ने कबीर एक्सीलेंस फाउंडेशन द्वारा संचालित कंप्यूटर लैब की शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के साथ-साथ गणितीय दक्षता विकसित करने, NMMS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के आयोजन एवं सफल संचालन में रामानंद बालिका इंटर कॉलेज के समस्त स्टाफ, लैब कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार मिश्रा, वॉलंटियर निशा शर्मा एवं मुस्कान अवस्थी तथा कबीर एक्सीलेंस फाउंडेशन की फर्रुखाबाद टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। फाउंडेशन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय में संचालित कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।