300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा
अखिलेश यादव ने पहले ही घोषणा की थी कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। उन्होंने बिजली के स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सपा प्रमुख का कहना है कि आम उपभोक्ता महंगे बिजली बिलों से परेशान हैं। ऐसे में 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों को राहत मिलेगी।
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
महिला मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार से जोड़ने की योजना भी प्रस्तावित है। पार्टी की ओर से स्वरोजगार शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देने की बात कही गई है। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अलग से विशेष घोषणा पत्र भी जनवरी 2027 में जारी करने की तैयारी है।
छात्राओं और विद्यार्थियों को मुफ्त मेट्रो यात्रा
लखनऊ में छात्राओं और विद्यार्थियों को राहत देने के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी चुनावी वादों में शामिल है। इसके अलावा गरीबों को बिना किसी विशेष कार्ड के मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की योजना पर भी जोर दिया गया है।
पुरानी पेंशन और रोजगार पर भी फोकस
समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित चुनावी एजेंडे में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, युवाओं के लिए रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और पेपर लीक पर रोक जैसे मुद्दे शामिल हैं। पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था की जगह स्थायी नियुक्तियों को बढ़ावा देने और सरकारी भर्तियों के लिए निश्चित वार्षिक कैलेंडर लागू करने की बात भी कर रही है।
किसानों और गरीब परिवारों के लिए भी योजनाएं
सपा के चुनावी एजेंडे में किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने और गरीब परिवारों को राहत देने पर भी जोर दिया गया है। गन्ना किसानों को समयबद्ध भुगतान, फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली जैसे प्रस्ताव शामिल हैं इसके अलावा गरीब परिवारों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, खाद्य सामग्री में सरसों का तेल शामिल करने और बच्चों के मध्याह्न भोजन में दूध एवं फल देने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा है।
तीन स्तर पर तैयार होगा घोषणा पत्र
समाजवादी पार्टी की चुनावी रणनीति की खास बात यह है कि पार्टी तीन स्तरों पर घोषणा पत्र तैयार कर रही है।
प्रदेश स्तरीय घोषणा पत्र: पूरे उत्तर प्रदेश के लिए विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े वादे।
जिला स्तरीय घोषणा पत्र: प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं और विकास की जरूरतों पर आधारित योजनाएं।
लखनऊ विशेष घोषणा पत्र: राजधानी में यातायात, फ्लाईओवर, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और मेट्रो सुविधाओं पर विशेष ध्यान।
पार्टी की योजना है कि जिला स्तर पर स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास का एजेंडा तैयार किया जाए, जिससे चुनावी वादों को आम जनता की समस्याओं से सीधे जोड़ा जा सके।
2027 चुनाव में पीडीए को मजबूत करने की कोशिश
अखिलेश यादव का यह चुनावी एजेंडा पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्गों को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा है। पार्टी संविधान की रक्षा, आरक्षण, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों को भी प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है अब देखना होगा कि मुफ्त बिजली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं के लिए रोजगार और किसानों को राहत देने वाले ये वादे 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को कितना राजनीतिक लाभ पहुंचाते हैं। वहीं भाजपा इन घोषणाओं का मुकाबला किस तरह करती है, इस पर भी प्रदेश की राजनीति की नजर रहेगी।