समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समारोह में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर और विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर की। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और पगड़ी भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मददगार योजना
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना वित्तीय वर्ष 2017-18 से संचालित है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार दिए जाते हैं और शेष 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दी शुभकामनाएं
विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। सरकार बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देकर परिवारों की जिम्मेदारी में सहभागी बन रही है।
विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने नवदंपतियों को आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन बिताने का संदेश दिया। वहीं, विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि यह योजना सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने का काम कर रही है।
जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संकल्प दिलाया
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
सांसद ने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन बिताने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण और वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
जिलाधिकारी ने दिया आपसी सम्मान का संदेश
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी को एक-दूसरे की भावनाओं, विचारों और इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए। जीवन के छोटे-बड़े फैसले आपसी सहमति और विचार-विमर्श से लेने चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वास, धैर्य, समर्पण और आपसी संवाद से ही परिवार में खुशहाली बनी रहती है।
पुष्पवर्षा कर नवदंपतियों को दिए उपहार
समारोह में विवाह और निकाह की सभी धार्मिक परंपराएं विधिवत संपन्न कराई गईं। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक उपहार प्रदान किए और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। इस दौरान अपने बच्चों को नए जीवन की शुरुआत करते देखकर परिजन भी भावुक नजर आए।
जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से समारोह में भोजन, पंडाल, बैठने, पेयजल, बिजली और प्रकाश सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नवदंपति एवं उनके परिजन मौजूद रहे।