250 मिलियन पाकिस्तानियों की उम्मीदें लेकर अंतरिक्ष पहुंचे
मिशन से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीशान अली ने कहा था कि वह अपने कंधों पर पाकिस्तान का नाम और 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें लेकर अंतरिक्ष में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बच्चे उन्हें अंतरिक्ष में देखें तो वे आसमान की ओर देखकर अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा लें। उनका यह बयान पाकिस्तान में काफी चर्चा में रहा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीन का आभार जताया।
चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ संभाली जिम्मेदारी
शेनझोउ-24 मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।
तांग होंगबो: मिशन कमांडर।
वू यी: उड़ान इंजीनियर।
मुहम्मद जीशान अली: पेलोड विशेषज्ञ।
जीशान अली अंतरिक्ष स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोगों और तकनीकी अनुसंधान से जुड़े कार्य करेंगे। उनकी अंतरिक्ष स्टेशन पर लगभग 5 से 10 दिन रहने की योजना है। इस दौरान जैव प्रौद्योगिकी, पदार्थ विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक क्षेत्रों से जुड़े प्रयोग किए जाएंगे।
सात महीने तक चीन में ली विशेष ट्रेनिंग
अंतरिक्ष मिशन के लिए जीशान अली ने बीजिंग में लगभग सात महीने तक विशेष प्रशिक्षण लिया। इसमें अंतरिक्ष में काम करने की तकनीक, शारीरिक क्षमता और वैज्ञानिक प्रयोगों की तैयारी शामिल थी। उनके प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा चीनी भाषा सीखना भी था। उन्होंने चीनी भाषा में संवाद करने, चीनी गीत सीखने और कविता पढ़ने का अभ्यास किया, ताकि अंतरिक्ष स्टेशन पर चीनी सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर सकें।
चीन ने पहली बार विदेशी अंतरिक्ष यात्री को दिया मौका
चीन का तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन वर्ष 2022 के अंत से पूरी तरह संचालित है। यहां आमतौर पर तीन अंतरिक्ष यात्रियों की टीम लगभग छह महीने तक रहती है। जीशान अली का इस स्टेशन पर पहुंचना चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे पहले चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों में केवल चीनी नागरिक ही शामिल होते थे। अब पहली बार किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने का अवसर दिया गया है। यह उपलब्धि चीन और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे अंतरिक्ष सहयोग को भी नई मजबूती देती है।
चंद्रमा और मंगल तक संयुक्त मिशन की उम्मीद
पाकिस्तान और चीन भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अपना सहयोग और बढ़ाना चाहते हैं। जीशान अली ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच सहयोग केवल एक अंतरिक्ष यात्री और एक मिशन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में चंद्रमा और मंगल तक संयुक्त अंतरिक्ष अभियानों का रास्ता भी खुलेगा। चीन का लक्ष्य वर्ष 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारना है। ऐसे में पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री की इस मिशन में भागीदारी को दोनों देशों के वैज्ञानिक और तकनीकी संबंधों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जीशान अली की यह उपलब्धि पाकिस्तान के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय है। साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सहयोग में चीन की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है।