उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देवकली रोड पर बरसाती नाले के तेज बहाव में दो बच्चे साइकिल समेत बह गए। हादसे में 12 वर्षीय अजय कश्यप की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 14 वर्षीय कृष्णा किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे सोमवार शाम साइकिल से देवकली रोड से गुजर रहे थे। बारिश के कारण बरसाती नाला उफान पर था। दोनों ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे साइकिल समेत पानी में बह गए।
कृष्णा किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गया और उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी हुई और कई घंटे की तलाश के बाद अजय को पानी से बाहर निकाला गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।