उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में न्यायालय कर्मी अमित मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने राजेपुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय को हटाकर अमृतपुर थाने में तैनात किया है, जबकि दरोगा आशुतोष यादव को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, राजेपुर क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी अमित मिश्रा ने 27 सितंबर को कथित हमले के संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी। परिजनों का आरोप था कि शिकायत पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। अमित मिश्रा की 6 अक्टूबर को मौत हो गई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
परिजनों ने पुलिस लाइन में विरोध जताया और कलक्ट्रेट गेट पर धरना दिया। इसके बाद अमित मिश्रा की शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित दो धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।