INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन फर्रुखाबाद द्वारा 13 अगस्त 2025 को जनपद में ऐतिहासिक ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस संबंध में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय नेकपुर चौरासी पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन के सभी जिला, तहसील और ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए और यात्रा की रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बार पिछली बार से अधिक संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ शामिल होंगे और यह यात्रा पूरे जिले में एकता, शांति और लोकतांत्रिक शक्ति का परिचायक बनेगी।
बैठक में यह तय किया गया कि सभी तहसील और ब्लॉक अध्यक्षों को तीन दिनों के भीतर यह रिपोर्ट देनी होगी कि वे अपने क्षेत्रों से कितने ट्रैक्टर और किसान लेकर आएंगे। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि कोई भी पदाधिकारी इसमें शिथिलता नहीं बरतेगा और अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगा। किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें जागरूक किया जाएगा कि यह यात्रा राष्ट्रीय ध्वज और संविधान की गरिमा को बनाए रखते हुए पूर्णतः शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य और कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने अपने विचार रखते हुए किसानों की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए इस यात्रा के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, प्रवक्ता गोपी शाक्य, कोषाध्यक्ष विमलेश शाक्य, तहसील अध्यक्ष अमृतपुर अनीश सिंह, कायमगंज अध्यक्ष कश्मीर सिंह गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष कमालगंज पवन जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू यादव (राजपुर), सतीश कठेरिया (शमसाबाद), अंकेश सिंह (नवाबगंज) सहित कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
प्रमुख उद्देश्य: यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ़ किसानों की एकता और संगठन की शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि इसका उद्देश्य यह भी है कि आम जनता तक संदेश पहुंचे कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके सम्मान एवं अधिकार की रक्षा के लिए वे संगठित रहेंगे।
यह यात्रा जिले भर में ग्राम-ग्राम, खेत-खलिहान से निकलेगी, जिससे हर किसान अपने स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का परिचय दे सके।