INDC Network : कानपुर, उत्तर प्रदेश : नगर निगम कानपुर द्वारा शहर के प्रसिद्ध गौतम बुद्धा पार्क को 15 करोड़ रुपये की लागत से शिवालय पार्क में परिवर्तित करने की योजना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस योजना का कड़ा विरोध करते हुए नगीना से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
सांसद चन्द्रशेखर ने अपने पत्र में कहा कि गौतम बुद्धा पार्क केवल एक हरित क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह भगवान गौतम बुद्ध की करुणा, समानता और बंधुत्व जैसे विचारों से जुड़ा हुआ प्रतीकात्मक स्थल है। इसे शिवालय पार्क में परिवर्तित करना बहुजन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना यही है कि किसी भी सार्वजनिक स्थल को विशेष धार्मिक रूप में परिवर्तित न किया जाए।
पत्र में सांसद ने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें की हैं:
गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर तुरंत रोक लगाई जाए।
पार्क का मौलिक स्वरूप सुरक्षित रखा जाए तथा इसे बुद्ध-आंबेडकर सांस्कृतिक पार्क के रूप में और विकसित किया जाए।
यदि धार्मिक पर्यटन हेतु शिवालय पार्क विकसित करना है, तो इसके लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाए।
चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि आजादी के नायकों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की योजनाएं समाज में अनावश्यक विवाद उत्पन्न करती हैं। उन्होंने अपेक्षा जताई कि मुख्यमंत्री इस संवेदनशील मामले पर संविधान सम्मत और सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने वाला निर्णय लेंगे।