INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। ग्राम चाचूपुर जटपुरा निवासी बृजेश उर्फ गट्टू का शव पुलिया के नीचे मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की, लेकिन इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बृजेश की हत्या की गई है। मृतक के भाई कल्याण ने बताया कि बृजेश रात में शराब के ठेके पर गया था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह उसका शव पुलिया के नीचे पड़ा मिला। परिवार और ग्रामीणों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
शराब ठेके पर पहुंचा आक्रोश
बताया जा रहा है कि जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने शव को उठाकर शराब के ठेके पर पहुंचा दिया और वहां धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने शराब ठेके का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को खंती में पलटने का भी प्रयास किया। इसके बाद इलाके में ईंट-पत्थर चलने की भी सूचना सामने आई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गांव में तनावपूर्ण माहौल
घटना के बाद चाचूपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों द्वारा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीण लगातार दोषियों की गिरफ्तारी और शराब ठेके को हटाने की मांग कर रहे हैं।